हाथरस पहुंचे डिप्टी सीएम,दिवंगत रामचरण उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि—पदाधिकारियों संग की अहम बैठक
हाथरस : उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को हाथरस पहुंचे, जहां उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत ससुर रामचरण उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी पत्नी भी साथ रहीं।
श्रद्धांजलि देने के बाद डिप्टी सीएम पाठक सेल टैक्स वाली गली पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया और उन्हें एसआईआर फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया। पार्टी के ‘कुंडी खटखटाओ’ अभियान के तहत उन्होंने फॉर्म भरने की स्थिति जानी। अधिकांश लोगों ने बताया कि वे फॉर्म भर चुके हैं। उन्होंने बीएलओ से कार्य की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनका बूथ काफी दूर है, जिस पर डिप्टी सीएम ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद डिप्टी सीएम पाठक पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से बैठक कर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को चिह्नित कर बीएलओ के माध्यम से उनके नाम हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस कार्य में पूरी गंभीरता और ऊर्जा के साथ जुटें।
मीडिया से बातचीत में बीएलओ की मौत से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग इस पर कार्य कर रहा है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। बीएलओ द्वारा मानसिक उत्पीड़न किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो उसकी जांच अवश्य कराई जाएगी।
रिपोर्टर : अतीक अहमद


No Previous Comments found.