घने कोहरे में रोडवेज बस व स्कूल बस की टक्कर, तीन घायल

हाथरस : जिले के सासनी क्षेत्र में आगरा–अलीगढ़ हाईवे पर जरेया मोड़ के पास घने कोहरे के कारण आज सुबह रोडवेज बस और एक स्कूल बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीपीएस स्कूल की बस, जिसमें केवल चालक और परिचालक सवार थे, हाथरस से अलीगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आ रही रोडवेज बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना ओवरटेक करने और घने कोहरे के कारण हुई। राहत की बात यह रही कि स्कूल बस में कोई भी छात्र सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ये हुए घायल
घायलों की पहचान रोहतान सिंह निवासी नगला सड़क (स्कूल बस परिचालक), संतोषी निवासी नगोला, खैर, अलीगढ़ (रोडवेज बस यात्री) तथा कलवेंद्र निवासी नगला लछ, सासनी (स्कूल बस चालक) के रूप में हुई है। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्टर : अतीक अहमद

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.