हाथरस में कन्या जन्मोत्सव, एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ

हाथरस : जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया तथा भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
अध्यक्ष चौहान ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार बालिकाओं के संरक्षण, पोषण और शिक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’, ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ और ‘पोषण अभियान’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित और सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 15 वर्ष तक की किशोरियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। उन्होंने टीकाकरण के लिए आई बच्चियों से मुलाकात की और अभिभावकों से अपनी बेटियों को यह वैक्सीन लगवाने की अपील की। साथ ही अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

संवाददाता : अतीक अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.