नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम
हाथरस : नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन ऑडिटोरियम, हाथरस में जनपद की प्रभावी एवं प्रतिष्ठित महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ० पवित्रा विद्या अलंकार (अधिष्ठात्री, कन्या गुरूकुल सासनी), श्रीमती प्रियंका सरोज (प्रोफेसर, आरडी डिग्री कॉलेज), डॉ० दीपिका शर्मा (स्त्री रोग विशेषज्ञ), अधिवक्ता सुश्री ऋतु गौतम एवं सहायक अध्यापिका नीलम देवी सहित अन्य गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 का उद्देश्य महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सहभागी बनाकर उन्हें सशक्त नेतृत्व प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए सुनिश्चित होने से उनका प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और नीति निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
वक्ताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे समाज में समानता, संवेदनशीलता एवं समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान के समर्थन में आगे आएं और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।
कार्यक्रम के दौरान कन्या गुरुकुल सासनी की छात्राओं शिखा आर्या, श्रिया आर्य एवं श्रुति आर्य ने नारी शक्ति एवं वीरता पर आधारित कविताओं का प्रभावी पाठ किया। वहीं संगीत विद्यालय की टीम द्वारा मातृशक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुति ने उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्राओं एवं महिला पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
रिपोर्टर : अतीक अहमद


No Previous Comments found.