बागला जिला अस्पताल में शुरू हुआ ऑक्सीजन प्रेशर बूस्टर सिस्टम, अब अस्पताल में ही भरेंगे सिलेंडर
हाथरस : बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रधानमंत्री केयर्स फंड से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि अब जिला अस्पताल परिसर में ही ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा सकेगी। प्रेशर बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट से सीधे सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरी जाएगी, जिससे बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता समाप्त होगी, समय की बचत होगी और खर्च में भी कमी आएगी। इस दौरान कर्मचारियों ने सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर उसका सफल प्रदर्शन भी किया।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर स्थित एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए इमरजेंसी कक्ष का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें शीघ्र संबंधित वार्डों में स्थानांतरित किया जा सकेगा।
रिपोर्टर : अतीक अहमद
No Previous Comments found.