संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त ने योजनाओं के स्टॉलों का किया निरीक्षण, पात्रों को तत्काल लाभ दिलाने के दिए निर्देश
हाथरस : तहसील सासनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके आगमन पर पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।
मंडलायुक्त ने उद्योग विभाग द्वारा लगाए गए 'एक जनपद-एक व्यंजन' योजना के अंतर्गत हाथरस की प्रसिद्ध रबड़ी के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रबड़ी की गुणवत्ता बनाए रखने और उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए आधुनिक एवं बेहतर पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान मिल सके।
उन्होंने समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग के वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाले पात्र व्यक्तियों का तत्काल पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मंडलायुक्त ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मिलेट्स (श्री अन्न) से तैयार व्यंजनों का अवलोकन किया और उनके पोषण महत्व की सराहना की। उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी माताओं को डाइट प्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एक गर्भवती महिला की गोदभराई कर पोषण डलिया भेंट की, शिशुओं का अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं को आयरन की कमी दूर करने के लिए पोषण डलिया और लोहे की कड़ाही वितरित की।
संवाददाता : अतीक अहमद
No Previous Comments found.