रमजान का चांद नजर आया, मुस्लिम समाज के लोगों ने किया चाँद का दीदार

हाथरस :  पवित्र माह रमजान का चांद दिखाई देने के साथ ही शहर में मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उत्साह के साथ चांद का दीदार किया और एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। चांद नजर आने की पुष्टि के बाद उलेमा-ए-कराम ने ऐलान किया कि रमजान माह की शुरुआत हो गई है और 19 फरवरी को पहला रोजा रखा जाएगा। देर शाम मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई और इबादत का सिलसिला शुरू हो गया।

बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सेहरी और इफ्तार की तैयारियों को लेकर लोगों ने जमकर खरीदारी की। रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना होता है, जिसे रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना माना जाता है। इस दौरान रोजेदार सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं। मस्जिदों में तरावीह की नमाज का विशेष आयोजन किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से भी शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर मुस्लिम समाजसेवी मुस्ताक अहमद, राहत अहमद कुरेशी, मौलाना शकील साहब, आबाद कुरैशी सहित अन्य लोगों ने चांद का दीदार कर देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की।

रिपोर्टर : अतीक अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.