पत्रकार हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, गिरफ्तार
हाथरस : यूट्यूबर पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। एसओजी टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रुद्ध पाठक और वंश दीक्षित के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि घटना में शामिल आरोपी अलीगढ़ से सासनी की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीमों ने शक्ति वन व आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 2 तमंचे (.315 बोर), 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस तथा एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बताया गया कि इससे पहले 9 अप्रैल को इस मामले में एक अन्य आरोपी शुभम उर्फ माइटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह पूरा मामला 6 अप्रैल की रात का है, जब मकान कब्जाने की नियत से वेदप्रकाश शर्मा की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। साथ ही मुख्य आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
रिपोर्टर : अतीक अहमद


No Previous Comments found.