पुणे में जबरन चोरी के मामले में विधि-संघर्षित बालक हिरासत में; एक लाख का मोबाइल जब्त
हवेली : पुणे शहर के येरवडा पुलिस थाने में दर्ज जबरन चोरी के गंभीर मामले में यूनिट-4 अपराध शाखा ने एक विधि-संघर्षित बालक को हिरासत में लिया है। उसके पास से लगभग 1 लाख रुपये कीमत का गैलेक्सी जेड फोल्ड कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार यूनिट-4 तथा डकैती व वाहन चोरी विरोधी पथक-2 खडकी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस उपनिरीक्षक वैभव मगदुम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि मुला रोड परिसर में एक व्यक्ति कम कीमत पर चोरी का मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहा है।
मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया। जांच में वह विधि-संघर्षित बालक होने की पुष्टि हुई।
उसके पिता की उपस्थिति में पूछताछ करने पर उसने बताया कि तीन दिन पहले रात में होटल कल्याणी के पास एक पैदल जा रहे व्यक्ति से मोबाइल छीनकर वह पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। इस संबंध में येरवडा पुलिस थाने में मामला दर्ज है। साथ ही उसने शिवाजीनगर पीएमटी बस स्टॉप परिसर में एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल छीनने की बात भी स्वीकार की, जिसके संबंध में शिवाजीनगर पुलिस थाने में भी मामला दर्ज है।
दोनों मामलों में संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद संबंधित विधि-संघर्षित बालक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए येरवडा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस कार्रवाई में यूनिट-4 और डकैती व वाहन चोरी विरोधी पथक-2 ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संवादाता : यश सोलंकी

No Previous Comments found.