फुरसुंगी सुरंग का काम तेज़ी से शुरू, 1 किमी सुरंग तैयार… विधायक राहुल कुल के प्रयासों को बड़ी सफलता

पुणे : दौंड के विधायक राहुल कुल द्वारा समय-समय पर की गई मांग और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप हवेली तालुका अंतर्गत खडकवासला–फुरसुंगी सुरंग का काम अब युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। खडकवासला बांध की नहर में पानी की रिसाव, चोरी, जलप्रदूषण और वाष्पीकरण रोकने के लिए खडकवासला बांध से फुरसुंगी तक कुल 34 किलोमीटर में से 28 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही है। विधायक राहुल कुल ने विधानसभा में बार-बार मांग की थी कि खडकवासला बांध का पानी सुरंग के माध्यम से विभिन्न तालुकों तक पहुंचाया जाए, जिससे बड़े पैमाने पर पानी की बचत हो सके।

उनकी इस मांग को सफलता मिली और इस काम का टेंडर जारी किया गया। खडकवासला, धायरी, वडाचीवाडी और उरुली देवाची इन चार स्थानों पर एक साथ सुरंग की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग दो महीनों में विशेष मशीनों की सहायता से करीब एक किलोमीटर सुरंग का काम पूरा हो चुका है। यह कार्य अत्यंत तेज़ गति से चल रहा है और प्रतिदिन लगभग आठ मीटर तक खुदाई की जा रही है। अभी कुछ और स्थानों का चयन किया गया है तथा जल्द ही तीन अन्य स्थानों से भी काम शुरू किया जाएगा।

खडकवासला बांध से फुरसुंगी के बीच 34 किलोमीटर में से 28 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 2200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जलसंपदा विभाग ने 1600 करोड़ रुपये के कार्यों के लिए निविदा जारी की थी। इसके अनुसार, सुरंग का निर्माण टेंडर प्राप्त करने वाली एक कंपनी द्वारा शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना से लगभग 2.5 टीएमसी पानी की बचत होगी और अतिरिक्त 3,472 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस कार्य को शुरू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की स्वीकृति आवश्यक थी। राज्य और केंद्र सरकार के पर्यावरण विभाग से मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना को युद्धस्तर पर शुरू किया गया। लगभग दो महीने पहले काम प्रारंभ हुआ और अब तक एक किलोमीटर लंबी डी-आकार की सुरंग का निर्माण पूरा हो चुका है। इस परियोजना को पूरा करने की समयसीमा तीन वर्ष निर्धारित की गई है।

रिपोर्टर : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.