पुणे के भोसरी में स्कूल के पीछे एमडी ड्रग्स की बिक्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

हवेली : पुणे के भोसरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इंद्रायणी नगर स्थित एक स्कूल के पीछे मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने का खुलासा हुआ है। भोसरी पुलिस ने छापेमारी कर ड्रग्स बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, लांडगे नगर स्थित इंटेलिजेंट किड्स स्कूल के पीछे यह अवैध गतिविधि चल रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10.12 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स, दो मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,27,000 रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किसनाराम चौधरी और आईदानराम चौधरी (दोनों निवासी राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल और रिहायशी क्षेत्र के पास इस तरह से ड्रग्स की बिक्री होना बेहद गंभीर मामला है। इस घटना से अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संवादाता : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.