हड़पसर पुलीस स्टेशन की बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शन बेचने वाला युवक गिरफ्तार, ₹1.5 लाख का माल जब्त
हवेली : हड़पसर पुलीस स्टेशन ने नशे की लत में युवाओं को फंसाने वाले अवैध मादक इंजेक्शन बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 210 नशीले इंजेक्शन की बोतलें और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹1.5 लाख आंकी गई है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञानराज पांडुरंग टिकमणे (26), निवासी शेवालवाडी, हडपसर, पुणे के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले के अनुसार, डीएसके शोरूम क्षेत्र, अमनोरा, हडपसर के पास एक युवक संदिग्ध रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर उसने गोलमोल जवाब दिए, जिसके बाद विस्तृत जांच की गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 200 से अधिक नशीले इंजेक्शन की बोतलें बरामद की गईं। आगे की जांच में पता चला कि आरोपी बिना किसी लाइसेंस या वैध अनुमति के इन इंजेक्शनों की अवैध बिक्री कर रहा था। इस संबंध में हड़पसर पुलीस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हडपसर क्षेत्र में बढ़ती युवा आबादी के कारण गंधहीन और तेजी से असर करने वाले नशीले इंजेक्शन एक खतरनाक प्रवृत्ति बनते जा रहे हैं। ये इंजेक्शन ₹500 से ₹600 में आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, जिससे युवाओं में इनकी मांग बढ़ रही है। आपराधिक नेटवर्क के माध्यम से इन पदार्थों की आसान उपलब्धता ने युवाओं में नशे की लत का खतरा बढ़ा दिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे सख्त मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत मालवाड़ी क्षेत्र में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि ये इंजेक्शन चिकित्सकीय पर्चे पर कानूनी रूप से लगभग ₹400 में उपलब्ध होते हैं, लेकिन आरोपी इन्हें युवाओं को ₹800 प्रति बोतल में बेच रहा था, जिससे वे नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे थे।
पुलिस उपायुक्त डॉ. राजकुमार शिंदे ने कहा:
“हम इस जांच को नेटवर्क की जड़ तक ले जाएंगे और इस अवैध मादक पदार्थ कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।”
मामले की आगे की जांच जारी है।
संवादाता : यश सोलंकी


No Previous Comments found.