पुणे में खतरनाक तरीके से गैस चूल्हे पर खाना बेचने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 विक्रेताओं पर केस दर्ज

हवेली : पुणे के अत्यंत व्यस्त और युवाओं के आकर्षण का केंद्र माने जाने वाले नामदार गोपाल कृष्ण गोखले रोड (एफसी रोड), जंगली महाराज रोड और डेक्कन जिमखाना परिसर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फुटपाथ पर खतरनाक तरीके से गैस चूल्हे लगाकर नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाले लगभग 40 खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ डेक्कन पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। इस सख्त कार्रवाई से अवैध ठेला व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।

डेक्कन, फर्ग्यूसन रोड और कर्वे रोड का इलाका विद्यार्थियों तथा कार्यालयीन कर्मचारियों की आवाजाही वाला क्षेत्र है। यहां सड़कों के किनारे और फुटपाथ पर वड़ापाव, अंडा भुर्जी और चाइनीज खाद्य पदार्थों की गाड़ियां बड़ी संख्या में लगाई जाती हैं। लेकिन ये विक्रेता किसी भी सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना खुले में गैस चूल्हे जलाकर खाना बनाते पाए गए। भीड़भाड़ वाले इलाके में सिलेंडर का इस तरह लापरवाही से उपयोग बड़े हादसे को न्योता दे सकता है, इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई की।

फुटपाथ से गुजरने वाले नागरिकों के बिल्कुल पास ये चूल्हे जलाए जाते थे। गैस रिसाव या विस्फोट होने पर यहां बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है। “इस क्षेत्र में विद्यार्थियों और नागरिकों की भारी भीड़ रहती है। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खुले में इस प्रकार व्यवसाय करना अवैध है,” ऐसा पुलिस ने स्पष्ट किया है।

डेक्कन पुलिस ने 40 ठेला धारकों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें नोटिस जारी किए हैं। “फुटपाथ पर अतिक्रमण कर और खतरनाक तरीके से खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान चलाया गया है। आगे भी अवैध व्यवसाय करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी,” ऐसा इशारा डेक्कन पुलिस थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गिरीजा निंबाळकर ने दिया है।

संवादाता : यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.