धोखाधड़ी मामले में ₹2 लाख रिश्वत मांगने के आरोप में बंडगार्डन थाने के PSI पर मामला दर्ज

हवेली : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की पुणे इकाई ने बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) के खिलाफ धोखाधड़ी मामले की जांच में समझौता कराने के लिए ₹2,00,000 की रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

आरोपी की पहचान संदीप खेडकर (40) के रूप में हुई है, जो पुणे शहर के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में वर्ग-2 अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।

ACB के अनुसार शिकायतकर्ता (40 वर्षीय व्यक्ति) के खिलाफ बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी से संबंधित एक आवेदन पर जांच चल रही थी। इस मामले के जांच अधिकारी PSI संदीप खेडकर थे। आरोप है कि खेडकर ने शिकायतकर्ता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने के लिए उससे ₹2,00,000 की रिश्वत की मांग की।

रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने 3 फरवरी 2026 को ACB पुणे कार्यालय से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ACB ने उसी दिन इसकी सत्यापन प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि PSI खेडकर ने रिश्वत की रकम घटाकर ₹1,00,000 कर दी और यह रकम अपने तथा अपने वरिष्ठ अधिकारियों के लिए मांगी। यह बातचीत गवाहों और शिकायतकर्ता के वकील की मौजूदगी में हुई।

सत्यापन के आधार पर बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में संदीप खेडकर के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 7(ए) के अंतर्गत 9 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई ACB पुणे के पुलिस अधीक्षक शिरीष सरदेशपांडे के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजीत पाटिल और अर्जुन भोसले की निगरानी में की गई। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक प्रवीण निंबाळकर कर रहे हैं।

संवादाता : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.