बिबवेवाड़ी में गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी, 24 लोग घायल - दमकल विभाग ने टाला बड़ा हादसा

बिबवेवाड़ी : बीती रात करीब आधी रात को गंगाधाम चौक स्थित आई माता मंदिर के पास एक रासायनिक कंपनी के स्टोरेज टैंक से भारी मात्रा में गैस रिसाव हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और 24 लोग घायल हो गए। पुणे दमकल विभाग की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

खतरनाक गैस के अचानक रिसाव से आसपास के निवासियों को सांस लेने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में 17 लोगों ने जहरीली गैस के कारण तीव्र श्वसन समस्या की शिकायत की। इनमें से 14 लोगों को तुरंत ‘108’ सरकारी एंबुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाद में आई रिपोर्टों में घायलों की संख्या बढ़कर 24 होने की पुष्टि हुई।

इस बचाव कार्य का असर दमकल कर्मियों पर भी पड़ा। एक दमकल अधिकारी और एक फायरमैन को गैस के संपर्क में आने के कारण उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

आपातकालीन सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों को मौके पर भेजा, जिनमें एक विशेष ब्रिदिंग अप्पारेटस (BA) वाहन भी शामिल था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने BA सेट पहनकर प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश किया, लोगों की मदद की और गैस रिसाव के स्रोत को बंद किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र पोटफोडे के मार्गदर्शन में यह व्यापक बचाव और नियंत्रण अभियान चलाया गया। पांच अधिकारियों और लगभग 30 दमकलकर्मियों की टीम ने पूरी रात कड़ी मेहनत कर स्थिति को नियंत्रण में लाया और किसी बड़े जान-माल के नुकसान को होने से बचाया।

आगे की जानकारी का इंतजार है।

संवादाता : यश सोलंकी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.