पुणे के बिबवेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: डॉक्टर की कार ने महिला को कुचला, हालत गंभीर
हवेली : पुणे के बिबवेवाड़ी स्थित महेश सोसायटी परिसर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ‘सद्गुरु आंगन’ सोसायटी परिसर में स्थित एक क्लिनिक के डॉक्टर की कार ने एक महिला को बेरहमी से कुचल दिया। पार्किंग से कार निकालते समय चालक का नियंत्रण बिगड़ने से यह गंभीर हादसा हुआ, जिसमें महिला बुरी तरह घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल महिला पास की एक चक्की से अनाज लेकर अपने घर लौट रही थी। उसी समय क्लिनिक का एक कर्मचारी पार्किंग से कार बाहर निकाल रहा था। उसने पहले कार पीछे ली और फिर आगे बढ़ाते समय सामने से पैदल जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला नीचे गिर गई, लेकिन चालक कार को समय पर रोक नहीं पाया और महिला कार के नीचे आ गई। इस भयावह घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। रिहायशी और सुरक्षित माने जाने वाले सोसायटी परिसर में हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।
संवादाता : यश सोलंकी

No Previous Comments found.