पुणे में मंत्री के OSD पर पत्नी की हत्या के प्रयास का आरोप, बेटे को भी क्रिकेट बैट से पीटा

हवेली : पुणे के क्वीन्स गार्डन इलाके में एक कैबिनेट मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) द्वारा अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए बेटे की भी आरोपी ने क्रिकेट बैट से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय धुलचंद कारंडे (40) एक कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक के रूप में कार्यरत है। शनिवार को कारंडे और उसकी पत्नी के बीच घरेलू कारणों को लेकर तीखा विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

मां को बचाने के लिए बेटा बीच में आया तो आरोपी ने उस पर भी क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले में कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन में विजय कारंडे के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। उच्च पदस्थ अधिकारी से जुड़े इस मामले को लेकर इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

संवादाता : यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.