वनराज आंदेकर हत्याकांड से जुड़ी रंजिश में हमला, पुणे क्राइम ब्रांच ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया

हवेली : पुणे क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पूर्व नगरसेवक वनराज आंदेकर हत्याकांड से जुड़ी रंजिश के मामले में हमला और फायरिंग करने के आरोप में एक नाबालिग सहित छह लोगों को कार्ला से हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कोंढवा के भाग्योदयनगर निवासी आफताब शरीफ सैयद, नाना पेठ निवासी ऋषिप्रसाद मोहन अंबट (21), गणेश पेठ निवासी अवैज अशफाक शेख (26), भवानी पेठ निवासी वेदांत श्रीनिवास तेमगिरे (19), अमन फारूक बागवाले (21) तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, अक्षय उर्फ बालू बापू म्हस्के पर बुधवार सुबह बालाजीनगर इलाके में पहले गोलीबारी की गई और बाद में धारदार हथियारों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अक्षय म्हस्के का भारती अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह अब भी बेहोश है।

पुलिस को शक है कि यह हमला वनराज आंदेकर हत्याकांड की रंजिश में किया गया। अक्षय के भाई आकाश म्हस्के को वनराज आंदेकर हत्याकांड में आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जेल में है।

हमले के बाद पुणे पुलिस की कई टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ऋषिप्रसाद अंबट के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी एक दिन पहले कार्ला स्थित एकवीरा देवी मंदिर गए थे और दोबारा वहां जा सकते हैं।

इसके आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के पुलिस निरीक्षक अजीत जाधव के नेतृत्व में टीम ने कार्ला पहुंचकर एकवीरा देवी पहाड़ी पर सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

वहीं, घायल अक्षय म्हस्के की पत्नी करुणा अक्षय म्हस्के (22), निवासी आंबेगांव पठार, ने सहकारनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कथित गैंगस्टर सूर्यकांत उर्फ बंडू आंदेकर, उसके बेटे कृष्णा आंदेकर, पोते तुषार और स्वराज वाडेकर, स्वप्निल बहादुरकर सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, अक्षय म्हस्के ऑटो रिक्शा चालक है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह बालाजीनगर स्थित राजश्री शाहू बैंक चौक के पास अपने रिक्शा के साथ खड़ा था, तभी बाइक पर आए चार लोगों ने उस पर फायरिंग की और बाद में धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत भारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

संवादाता : यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.