NEET 2026 परीक्षा केंद्र पर मोबाइल के साथ पकड़ी गई छात्रा ने की कूदने की कोशिश, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हवेली : पुणे के एक NEET 2026 परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया जब परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन के साथ पकड़ी गई एक छात्रा ने सीढ़ियों की रेलिंग से कूदने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों और परीक्षा पर्यवेक्षकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बाद में काउंसलिंग और परीक्षा समन्वयक की अनुमति के बाद छात्रा को कड़ी निगरानी में परीक्षा पूरी करने दी गई तथा सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।

यह घटना अण्णासाहेब मगर कॉलेज, हडपसर स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई।

सुरक्षा जांच के दौरान हुआ संदेह

पुणे पुलिस की विशेष शाखा के एक अधिकारी के अनुसार, छात्रा पर परीक्षा पूर्व सुरक्षा जांच के दौरान संदेह हुआ। हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच करते समय महिला पुलिस अधिकारी को छात्रा की जांघ के पास दो बार संकेत मिला।

पूछताछ में छात्रा ने दावा किया कि उसकी सर्जरी हुई थी और जांघ में मेडिकल स्क्रू लगा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर उसे एक निजी कक्ष में दोबारा जांच के लिए ले जाया गया। जांच के दौरान छात्रा ने असहजता जताई, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने पर उसे परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दे दी गई।

परीक्षा के दौरान मिला मोबाइल फोन

परीक्षा के दौरान स्थिति तब गंभीर हो गई जब परीक्षा केंद्र के अधिकारी डॉ. नितिन घोरपड़े ने लिखित रिपोर्ट में बताया कि छात्रा की बेंच पर एक मोबाइल फोन मिला है। ब्लॉक पर्यवेक्षक ने तुरंत मोबाइल जब्त कर लिया और छात्रा को ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया।

कूदकर आत्महत्या की कोशिश

मोबाइल के साथ पकड़े जाने के बाद घबराई छात्रा सीढ़ियों की ओर भागी, कॉरिडोर की रेलिंग पर चढ़ गई और नीचे कूदने का प्रयास किया। यह घटना ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस निरीक्षक और परीक्षा पर्यवेक्षक के सामने हुई।

अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए छात्रा को समझाया और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

कड़ी निगरानी में परीक्षा देने की अनुमति

छात्रा को प्रशासनिक कार्यालय ले जाया गया। शहर समन्वयक से चर्चा के बाद उसकी मानसिक स्थिति और शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए उसे पुलिस निगरानी में परीक्षा पूरी करने की अनुमति दी गई।

उसके माता-पिता को तुरंत परीक्षा केंद्र बुलाया गया। शेष परीक्षा अवधि के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी को कक्षा के बाहर तैनात किया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

पुणे में शांतिपूर्ण रही NEET परीक्षा

पुणे पुलिस के अनुसार, इस एक घटना को छोड़कर पूरे शहर में NEET 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर को सात सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया था, जहां 26 परीक्षा केंद्र और पांच स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए थे।

25 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शाम 5:15 बजे समाप्त हुई, जबकि विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की परीक्षा लोहेगांव स्थित पीएम केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में शाम 6:20 बजे समाप्त हुई। सभी प्रश्नपत्र और परीक्षा सामग्री को सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रूप से स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया।

संवादाता : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.