जिम में गाना बदलने को लेकर खूनी हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

हवेली : हडपसर के सातवाड़ी क्षेत्र स्थित 'श्री फिटनेस' जिम में गाना बदलने जैसी मामूली बात को लेकर एक युवक पर डंबल, लोहे की रॉड और लाठी से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में मुदस्सर रफीक सय्यद (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हडपसर पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना 6 जुलाई की शाम करीब सातवाड़ी स्थित 'श्री फिटनेस' जिम में हुई। इस संबंध में घायल मुदस्सर रफीक सय्यद (निवासी सातवाड़ी, हडपसर) ने हडपसर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सूरज मुसळे, राज तथा उनके एक अन्य अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मुदस्सर पिछले एक वर्ष से 'श्री फिटनेस' जिम के सदस्य हैं। रोज़ की तरह व्यायाम करने के लिए जिम पहुंचने के बाद उन्होंने चल रहा गाना बदलकर दूसरा गाना लगा दिया। इसी बात को लेकर आरोपियों और मुदस्सर के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने डंबल, लोहे की रॉड और लाठी से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हडपसर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवादाता : यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.