एनडीए के प्रथम टर्म कैडेट की प्रशिक्षण के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत, जांच के आदेश
हवेली : राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला में शुक्रवार सुबह नियमित शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) के दौरान अचानक चिकित्सकीय आपात स्थिति उत्पन्न होने से प्रथम टर्म के कैडेट अभिनव बाजपेयी (17) का निधन हो गया।
मृतक कैडेट अभिनव बाजपेयी उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी थे। उन्होंने 24 जून 2026 को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश लिया था।
एनडीए और रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शुक्रवार सुबह नियमित पीटी सत्र के दौरान, जो अकादमी में शामिल होने के बाद उनकी पहली आधिकारिक पीटी परेड थी, कैडेट अभिनव बाजपेयी ने अचानक अस्वस्थ महसूस होने की शिकायत की। इसके बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े।
उन्हें तत्काल खड़कवासला स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए गहन उपचार और पुनर्जीवन (रेससिटेशन) के सभी प्रयास किए। हालांकि, लगातार चिकित्सा प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के लिए एनडीए ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं।
अकादमी ने बताया कि कैडेट के परिजनों तथा पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
संवादाता : यश सोलंकी
No Previous Comments found.