एक्सपायरी तिथि के बिना बिक रहा था सरसों तेल, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई सघन जांच अभियान, 21 बोतल सरसों तेल जब्त; दुकानदार पर होगी कानूनी कार्रवाई.
हजारीबाग : जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को शहर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान गोला रोड स्थित एक प्रतिष्ठान से बिना विधिसम्मत एक्सपायरी तिथि अंकित सरसों तेल की 21 बोतलें जब्त की गईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन और अम्बरीश पांडे ने मेन रोड से गोला रोड तक कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दुकानों के खाद्य लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, निर्माण तिथि (मैन्युफैक्चरिंग डेट) और उपभोग की अंतिम तिथि (एक्सपायरी डेट) की गहन जांच की गई।जांच के दौरान गोला रोड स्थित राज कुमार संतोष कुमार प्रतिष्ठान में कृष्णा कच्ची घानी सरसों तेल की 910 ग्राम की 20 बोतलें तथा 500 ग्राम की एक बोतल बिना विधिसम्मत समाप्ति तिथि अंकित पाई गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी 21 बोतलों को तत्काल जब्त कर लिया।निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि अथवा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप लेबलिंग वाले किसी भी खाद्य पदार्थ का भंडारण या बिक्री नहीं करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में ऐसे निरीक्षण और सघन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के विकास शर्मा एवं सूरज कुमार भी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.