नेवरी करमा सड़क बदहाल, ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित

चौपारण : प्रखंड की दादपुर पंचायत अंतर्गत नेवरी करमा जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों का जीवन मुश्किलों से घिर गया है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं और हल्की बारिश होते ही इनमें पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। प्रतिदिन विद्यालय आने जाने के दौरान बच्चों को कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का परिचालन भी प्रभावित रहता है।ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है, इसलिए प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। किसानों, मजदूरों, मरीजों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष गुहार लगाई जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद और विधायक भी कई बार क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से अविलंब इस सड़क का निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.