बरही अनुमंडल में जंगली हाथियों की दस्तक, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हजारीबाग : बरही अनुमंडल क्षेत्र के आसपास के जंगलों में जंगली हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए बरही वन क्षेत्र कार्यालय, हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल ने आम लोगों, विशेषकर ग्रामीणों से सतर्क रहने और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वन विभाग के अनुसार हाथियों का झुंड विशेष रूप से शाम और सुबह 7 बजे के आसपास अधिक सक्रिय रहता है। ऐसे समय में जंगल, खेत और सुनसान रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और क्षेत्र की मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें तथा उनकी गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें। जिन लोगों के पास पक्का मकान नहीं है, वे आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान या पड़ोसियों के पक्के मकानों में शरण लें। साथ ही घर में महुआ या अन्य मादक पदार्थ खुले में न रखें और रात के समय घर के आसपास यथासंभव प्रकाश एवं आग की व्यवस्था बनाए रखें। विभाग ने यह भी कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या हाथियों की सूचना मिलने पर तत्काल इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:7992479459, 9304106048, 7480069738 वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, संयम बनाए रखने तथा विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की है, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.