हाइवा की चपेट में आने से वृद्ध की मौत,एक घायल
हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मंदिर के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा की चपेट में आने से दशरथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीतरिया निवासी बलेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दशरथ यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा मामले की जांच शुरू कर दी।मृतक दशरथ यादव बिहार के बाराचट्टी प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी जगदीश यादव के पिता थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अस्पताल और उनके आवास पहुंचे। क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला भी तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचे। उन्होंने घायल का हालचाल जाना, पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।जगदीश यादव लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए जाने जाते हैं। उनके पिता के असामयिक निधन पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.