बरही टाउन हॉल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य शिविर
हज़ारीबाग - बरही 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर बरही टाउन हॉल में एक भव्य योग शिविर का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही के लोकप्रिय विधायक मनोज कुमार यादव शामिल हुए। शिविर की शुरुआत अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर की गई। यह शिविर सुप्रसिद्ध योगाचार्य श्री अनिल मिश्रा जी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया। योग के आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। यह हमें सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ जीवन जीने की अद्भुत प्रेरणा देता है।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य योग शिविर में बरही के अंचलाधिकारी (सीओ) चंद्रशेखर कुणाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष किसुन यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर और बरही जिला परिषद सदस्य प्रीति गुप्ता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पूरी तन्मयता के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। शिविर के समापन पर विधायक मनोज कुमार यादव और उपस्थित अतिथियों ने समाज को प्रेरित करते हुए कहा कि "करें योग,रहें निरोग" ही स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि वे योग को केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे, ताकि एक स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सके।
रिपोर्टर - राहुल राणा
No Previous Comments found.