मासूम गणेश की असमय मौत से गांव में मातम,विधायक जनार्दन पासवान ने परिजनों को बंधाया ढांढस

हज़ारीबाग - विष्णुगढ़ प्रखंड के अलपीटो गांव में तालाब में डूबने से 12 वर्षीय गणेश रविदास की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान शोकाकुल परिवार से मिलने अलपीटो पहुंचे। विधायक के साथ कोडरमा सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर पटेल एवं भाजपा नेता राजू श्रीवास्तव भी मौजूद थे। सभी ने मृतक बालक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुखद घड़ी में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक जनार्दन पासवान ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि मासूम की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा वे हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहेंगे। मृतक गणेश रविदास पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भीखन रविदास के भतीजे सूरज रविदास के इकलौते पुत्र थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे अलपीटो गांव में मातम पसरा हुआ है। विधायक के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे और सभी ने दिवंगत बालक की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

रिपोर्टर - संदीप मिश्रा           

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.