झापाटांड में ठनका का कहर, आंधी-बारिश के बीच तीन मवेशियों की मौत
हज़ारीबाग - विष्णुगढ़ प्रखंड के चानो पंचायत अंतर्गत झापाटांड टोला में रविवार अहले सुबह तेज आंधी,बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। आकाशीय बिजली गिरने से तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई,जिससे दो पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, रीतलाल महतो का एक बैल तथा खुशीलाल महतो का एक बैल और एक दुधारू गाय सुबह खलिहान में चारा खा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ। बिजली का प्रभाव इतना तेज था कि तीनों मवेशी उसकी चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
खेती के इस महत्वपूर्ण मौसम में मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और पशुपालक सरकारी सहायता की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष कौलेश्वर महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विष्णुगढ़ के अंचलाधिकारी को घटना की जानकारी देते हुए प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। अंचलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कौलेश्वर महतो ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और बहियारों में जाने से बचें। साथ ही पशुपालकों से भी आंधी और बारिश के समय अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्टर - संदीप मिश्रा
No Previous Comments found.