16 पुराने मामलों की हुई सुनवाई, डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने सुनी लोगों की समस्याएं
हजारीबाग : भूमि विवादों के बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को चौपारण थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जमीन संबंधी विवाद, अवैध कब्जा, दबंगतापूर्वक निर्माण, मारपीट, रास्ता अवरुद्ध करने तथा स्वामित्व संबंधी मामलों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। प्रशासन ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित थाना दिवस में कुल 19 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 16 पुराने मामलों की सुनवाई कर उनके निष्पादन की दिशा में पहल की गई। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई, वहीं जटिल मामलों की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि भूमि विवाद की आड़ में किसी भी प्रकार की दबंगई, अवैध कब्जा, जबरन निर्माण अथवा कानून को हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित पक्षों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों का स्थानीय स्तर पर समाधान कर लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। इसके लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्य करते हुए मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। डीएसपी ने खुद सुनी लोगों की समस्याएं थाना दिवस के दौरान राधा प्रेम किशोर भी चौपारण थाना पहुंचे और फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने कहा, "भूमि विवाद से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को दबंगई, अवैध कब्जा या मारपीट के माध्यम से कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पीड़ितों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।" थाना दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में त्वरित पहल कराने का अवसर मिलता है, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होता है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.