बरही चौक पर पुलिस का मॉक ड्रिल,आपात स्थिति से निपटने की दी गई जानकारी
हजारीबाग - बरही मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह रेस है। इसी कड़ी में आज बरही चौक पर पुलिस द्वारा एक हाई-लेवल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास सीसीआर डीएसपी अरमानी हक की गरिमामयी मौजूदगी और बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
आपात स्थितियों से निपटने का लाइव डेमो
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को किसी भी अप्रिय या आपातकालीन स्थिति से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटने के गुर सिखाए गए। बरही चौक पर हुए इस अभ्यास में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा बनाने और दंगा जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में बचाव व सुरक्षा के पुख्ता उपायों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर
मौके पर मौजूद सीसीआर डीएसपी अरमानी हक ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मोहर्रम के पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। इस मॉक ड्रिल के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी मुस्तैदी का कड़ा संदेश दिया है, जिससे आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
रिपोर्टर - राहुल राणा
No Previous Comments found.