चौपारण में सघन वाहन जांच अभियान, नियम उल्लंघन करने वालों पर कसी गई नकेल

हजारीबाग - चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व में चौपारण क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/सीओ संजय यादव भी उपस्थित रहे, जिनकी निगरानी में जांच कार्य किया गया। वाहन जांच के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों की बारीकी से जांच की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना वैध कागजात, ओवरलोडिंग, ट्रिपल राइडिंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे गए एवं आवश्यक कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अपराधियों की आवाजाही पर अंकुश लगाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी वैध कागजात साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

वहीं सीओ संजय यादव ने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े। अभियान के दौरान चौपारण पुलिस के अन्य पदाधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे। वाहन जांच से क्षेत्र में अनुशासन का माहौल बना और आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.