सरकारी कंबल कम पड़ने पर मुखिया ने उठाया मानवीय कदम, अपने खर्च से 50 असहायों को बांटे कंबल

 विष्णुगढ़ :विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बराय पंचायत में कड़ाके की ठंड के बीच सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबलों की संख्या जरूरत से कम साबित हुई, जिससे पंचायत के कई असहाय और गरीब परिवार ठंड से जूझने को मजबूर हो गए। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए बराय पंचायत के मुखिया राजेंद्र मंडल ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी खर्च से 50 कंबल मंगवाकर जरूरतमंद लोगों के बीच वितरण किया।
बताया जाता है कि पंचायत में सरकार की ओर से जो कंबल उपलब्ध कराए गए थे, वे सभी जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच सके। कई वृद्ध, विधवा, दिव्यांग और बेहद गरीब परिवार कंबल से वंचित रह गए थे। ठंड बढ़ने के साथ इन लोगों की परेशानी और भी बढ़ती जा रही थी। इसी को देखते हुए मुखिया राजेंद्र मंडल ने व्यक्तिगत पहल करते हुए कंबल वितरण का निर्णय लिया।
कंबल वितरण के दौरान मुखिया राजेंद्र मंडल ने कहा कि “सरकार की ओर से जो कंबल मिले, वह पंचायत की वास्तविक जरूरत के मुकाबले बहुत कम थे। हमारे पंचायत में आज भी कई ऐसे परिवार हैं, जिनके पास ठंड से बचने के लिए कोई साधन नहीं है। ऐसे में मैंने अपने स्तर से 50 कंबल मंगवाकर उन असहाय लोगों के बीच वितरण किया, जो सरकारी कंबल से वंचित रह गए थे।”
उन्होंने आगे कहा कि ठंड के मौसम में कंबल गरीबों के लिए जीवन रक्षक के समान होता है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि प्रत्येक पंचायत में जनसंख्या और जरूरत के अनुसार अधिक संख्या में कंबल उपलब्ध कराए, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार ठंड से परेशान न हो।
कंबल पाकर लाभुकों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने मुखिया राजेंद्र मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भीषण ठंड में कंबल मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने भी मुखिया की इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय और प्रेरणादायक कदम बताया।
मुखिया की इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि जनप्रतिनिधि यदि संवेदनशील हों तो सीमित संसाधनों के बावजूद आम जनता को बड़ी राहत दी जा सकती है। पंचायत में इस कार्य की चारों ओर चर्चा हो रही है और लोग इसे सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतर उदाहरण मान रहे हैं।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.