विष्णुगढ़ प्रखंड के महतोईया में एकजुटता की मिसाल, नशामुक्ति व आर्थिक समृद्धि का संकल्प
विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुम्भा पंचायत के सुदूरवर्ती गाँव महतोईया में ग्रामीणों ने सामाजिक एकजुटता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। गाँव में नशा मुक्ति से लेकर आर्थिक समृद्धि तक के सफर की सराहनीय पहल की जा रही है, जिसका सभी को खुले दिल से स्वागत करना चाहिए। खरमास की समाप्ति के बाद मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय महतोईया के प्रांगण में कोनार विस्थापित गाँव के लगभग 102 चूल्हों के ग्रामीण एकजुट हुए और पारंपरिक दही-चूड़ा व तिलकुट का आनंद लिया। कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी हिरामन महतो ने की, जबकि संचालन ईश्वर महतो ने किया। बैठक में गाँव की मूलभूत समस्याओं तथा सामाजिक चुनौतियों पर गंभीरता से चर्चा की गई। अपने संबोधन में हिरामन महतो ने कहा कि यह गाँव की वार्षिक बैठक है, जो पिछले पाँच वर्षों से निरंतर 14 जनवरी को आयोजित की जाती रही है। बैठक का मुख्य उद्देश्य गाँव और समाज को एकजुट रखते हुए आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी नशामुक्त हो और शिक्षा के प्रति जागरूक बने। उन्होंने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “भारत की आत्मा गाँवों में बसती है”, और उस आत्मा को संरक्षित करना हम सभी का दायित्व है। कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए धान-गेहूँ के साथ-साथ मोटे अनाज जैसे मडुआ, गोंदली, बाजरा, मक्का और कुर्थी की खेती पर जोर दिया गया, ताकि पोषणयुक्त भोजन भी उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि कोनार जलाशय गाँव के निकट स्थित है, जहाँ मत्स्य पालन और पशुपालन की अपार संभावनाएँ हैं। इन क्षेत्रों में आगे बढ़कर गाँव को आर्थिक रूप से सशक्त और आदर्श ग्राम बनाने की आवश्यकता है। ग्रामीणों की एकजुटता से ही पुल-पुलिया, सड़क, तथा कोनार डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने जैसी समस्याओं के समाधान को बल मिलेगा। बैठक का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ। इस अवसर पर लिलोचंद महतो, लोकनाथ महतो, रेखा कुमारी, जयंती देवी, महादेव महतो, कैलाश महतो, लालचंद महतो, सुभाष कुमार, महेंद्र कुमार, रवि किशन महतो, अनीता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, बेबी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर - संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.