बरही पुलिस ने जय माता दी ज्वेलर्स लूटकांड का किया सफलतापूर्वक उद्भेदन; फरार अपराधी गिरफ्तार
हजारीबाग - पुलिस ने 16 नवंबर, 2025 को बरही चौक के पास जय माता दी ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य अभियुक्तों में से एक रामाशीष चौधरी को भी 4 फरवरी, 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। रात करीब 9 बजे, ज्वेलरी दुकान के मालिक सुरेंद्र कुमार अपनी कार में चार बैग में रखे सोना-चाँदी के आभूषण रख रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अभियुक्तों ने कार का शीशा तोड़कर बैग लूट लिए। भागते समय उन्होंने दो राउंड फायरिंग भी की थी। इस संबंध में बरही थाना में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बरही के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर घटना के 24 घंटे के अंदर ही कांड का उद्भेदन कर लिया था। पहले की छापेमारी में इंद्रराज चौधरी, रौशन यादव, धनंजय चौधरी उर्फ छोटू, और टोलू उर्फ अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार चल रहे अभियुक्तों में से एक रामाशीष चौधरी (पिता स्व० रघु चौधरी, ग्राम बनाही, थाना-आमस, जिला गयाजी, बिहार) को दिनांक 04.02.2026 को उनके घर से गिरफ्तार किया गया, जहाँ वह दुर्घटना में घायल होने के कारण इलाज करा रहे थे। पुलिस ने लूटे गए सामान, घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी जब्त किए हैं। इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। गिरफ्तार अपराधी रामाशीष चौधरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें आमस थाना में लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
रिपोर्टर - राहुल राणा


No Previous Comments found.