गाल्होवार शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने की महाशिवरात्रि पूजा

हज़ारीबाग - विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत गाल्होवार पंचायत स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही भक्तजन मंदिर पहुंचने लगे और श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती से सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। पूजा के लिए सुबह से लेकर संध्या तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “जय शिव-पार्वती” के जयघोष से गुंजायमान रहा।महाशिवरात्रि पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में भव्य झांकी के साथ भगवान शिव की बारात दुर्गा मंदिर से निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शिव मंदिर पहुंची। वहां विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। शिव बारात में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु शामिल हुए। प्रखंड क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मंदिरों में घंटों की गूंज और भक्तों की आस्था से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

रिपोर्टर - संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.