विष्णुगढ़ में ट्रैक्टर चोरी, पीड़ित ने जताया संदेह
हज़ारीबाग - विष्णुगढ़ प्रखंड के नवाटाड गांव में ट्रैक्टर चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी दिनेश मुर्मू (पिता: जिबलाल मुर्मू) ने विष्णुगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश मुर्मू ने बीती रात करीब 10 बजे अपना ट्रैक्टर (निबंधन संख्या JH09BJ5665) घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित एक ईंट भट्ठा के पास खड़ा किया था। उसी दौरान तेज बारिश शुरू हो जाने के कारण वे ट्रैक्टर वहीं छोड़कर घर लौट गए। सुबह जब वे ट्रैक्टर देखने पहुंचे तो वह मौके से गायब मिला। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चोरी कर लिया। काफी खोजबीन और आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दिनेश मुर्मू ने एक महिला फुलवा देवी (पति: रामदेव किस्कू) पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले आपसी विवाद के दौरान उक्त महिला ने सार्वजनिक रूप से ट्रैक्टर गायब कराने की धमकी दी थी। इधर,पिछले कुछ महीनों से विष्णुगढ़ प्रखंड में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी से लोगों में दहशत का माहौल है।
रिपोर्टर - संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.