सरकारी स्कूल की जमीन पर कब्जे का आरोप, शिक्षक व ग्रामीण परेशान

हजारीबाग : चौपारण प्रखंड अंतर्गत पंचायत चैथी के ग्राम तेतरिया में सरकारी स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्कूल के शिक्षक और स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार,ग्राम तेतरिया निवासी बिक्रम प्रजापति (पिता:स्व.ननकू प्रजापति) एवं ललन कुमार प्रजापति (पिता: बिक्रम प्रजापति) द्वारा सरकारी स्कूल की जमीन पर निजी उपयोग के लिए बाथरूम का निर्माण कराया जा रहा है। इस संबंध में स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए चौपारण थाना प्रभारी और प्रखंड कार्यालय में अंचल अधिकारी (सीओ) को लिखित आवेदन दिया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य एक-दो दिन के लिए बंद भी हुआ, लेकिन इसके बाद फिर से काम शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की चेतावनी के बावजूद दोबारा निर्माण शुरू होना यह दर्शाता है कि कब्जाधारियों को किसी प्रकार का भय नहीं है। वहीं, स्कूल के शिक्षक भी इस स्थिति से काफी परेशान हैं और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्कूल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रशासन से अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं कि इस मामले में कब तक सख्त कदम उठाया जाता है।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.