एसपी अंजनी अंजन से की मुलाकात, भव्य आयोजन व पुख्ता व्यवस्था पर हुई चर्चा
हजारीबाग : आगामी रामनवमी को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में श्री श्री चैत्र रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसपी को पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए निमंत्रण पत्र सौंपा तथा भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान रामनवमी जुलूस,शोभायात्रा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। महासमिति अध्यक्ष ने पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।इस पर पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने भरोसा दिलाया कि रामनवमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। करण यादव ने कहा कि रामनवमी आस्था के साथ साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है।उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सभी लोग मिलजुलकर इस पर्व को शांतिपूर्वक और उत्साहपूर्वक मनाएं।मौके पर पियूष सिन्हा, प्रकाश यादव, रोहित यादव, टिंकू कुमार, रितेश तिवारी, रोशन यादव, सुधीर यादव, शंकर यादव, निशी कुमार, अभिषेक कुमार, मीडिया प्रभारी आशीष यादव एवं यशवंत कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह

No Previous Comments found.