रामनवमी उत्साह और शांति के साथ संपन्न, मुस्लिम समुदाय ने पेश की भाईचारे की मिसाल।
हज़ारीबाग - विष्णुगढ़ प्रखंड में रामनवमी के अवसर पर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार,को त्योहार बड़े ही उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर महावीरी पताका अर्पित की गई। संध्या करीब 4 बजे के बाद प्रखंड के विभिन्न अखाड़ों—संकट मोचन मंदिर हॉस्पिटल चौक, पवन पुत्र दल अंबेडकर चौक, बजरंग दल अखाड़ा चौक, श्री श्री रामनवमी पूजा समिति रमुवां, बासंती रामनवमी बजरंग दल, तथा शिव शक्ति अखाड़ा आदर्श समिति तेली मोहल्ला—द्वारा भव्य झांकियों के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक वेशभूषा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गाल्होवार पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के बड़े अखाड़ा में कई अखाड़ों का झंडा मिलन हुआ, जिसमें केंदुआडीह, तिलैया, पार केंदुआडीह, खरकी, जोबर, अंबाटांड़, सपमरवा, अंबेडकर बस्ती, तरवाटांड और सिमरबेडा सहित अन्य अखाड़ों ने भाग लिया। इस दौरान राम भक्तों ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गाल्होवार के मुस्लिम समुदाय ने केंदुआडीह हनुमान मंदिर के समक्ष सभी राम भक्तों को भगवा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया और गले मिलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। वहीं, बड़े अखाड़ा गाल्होवार दुर्गा मंदिर परिसर में शंभू प्रसाद बरनवाल द्वारा अपने निजी स्तर पर शीतल पेयजल, शरबत और चना की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
रिपोर्टर - संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.