जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़,कई मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा

हजारीबाग : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं।जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति, आय, आवासीय एवं स्थानीय प्रमाण-पत्र निर्गमन व सुधार, पेंशन (वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग), मनरेगा, कृषि ऋण माफी, फीस माफी, केसीसी तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित भुगतान से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया,जबकि जटिल मामलों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इस दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड व अंचल कार्यालयों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निपटारा करें। वहीं, पुलिस से संबंधित मामलों के लिए प्रत्येक शनिवार को थाना दिवस मनाने की भी बात कही गई, ताकि स्थानीय स्तर पर ही लोगों को राहत मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर नागरिक की समस्या का समाधान पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.