NYS इंटरनेशनल एकेडमी, बसरिया में सांसद मनीष जायसवाल का भव्य स्वागत
चौपारण : Manish Jaiswal तथा मुकुंद साव का आज NYS International Academy में आगमन हुआ। विद्यालय पहुंचते ही छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं विद्यालय के प्रबंधक एवं प्राचार्या द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका भव्य स्वागत किया गया। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए गौरव और हर्ष का विषय रहा। सांसद मनीष जायसवाल के आगमन से विद्यालय परिवार ने स्वयं को सम्मानित और प्रेरित महसूस किया। इस दौरान सांसद महोदय ने शिक्षा, युवा विकास एवं समाज के उत्थान में शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पुस्तक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना है। शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार, नैतिकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या दीपशिखा मिश्रा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भविष्य में भी उनके स्नेह एवं सहयोग की अपेक्षा जताई। मौके पर विद्यालय के प्रबंधक राजकुमार ठाकुर, अशोक गोस्वामी, हिरामन साहू, सुरेश शर्मा, प्राचार्या दीपशिखा मिश्रा, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.