शनिदेव जयंती महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मध्यगोपाली में थाना प्रभारी पंकज कुमार ने किया प्रवचन मंच का उद्घाटन..
चौपारण(हजारीबाग)- जवनपुर पंचायत के ग्राम मध्यगोपाली में आयोजित श्री श्री 108 श्री शनिदेव जयंती सह षष्ठम वार्षिक महोत्सव के द्वितीय दिन संध्या प्रवचन मंच का भव्य उद्घाटन चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा क्षेत्र “जय शनिदेव” के जयघोष से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यगोपाली के लोगों का यह प्रयास पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
उद्घाटन के बाद प्रवचनकर्ता सह आचार्य श्री नंदकिशोर पांडेय जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और मानव जीवन के मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायक प्रवचन दिया। उनके प्रवचन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।समारोह अध्यक्ष मोहन यादव ने बताया कि पिछले छह वर्षों से ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों के सहयोग से शनिदेव जयंती महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का संचालन समारोह सचिव सियाराम कुमार भारती ने किया। इस दौरान आचार्य नंदकिशोर पांडेय जी महाराज को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया, वहीं समारोह अध्यक्ष मोहन यादव को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया।मौके पर खूबलाल साव, रंजीत प्रजापति, भरत सिंह, युगलकिशोर साव, बसंत राणा, कैलाश साव, जगदीश साव, सीताराम साव, कमलेश पांडे, मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुजारीगण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
अमित सिंह चौपारण

No Previous Comments found.