प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
करियातपुर में जिला परिषद भूमि और स्कूल बाउंड्री विवाद को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
बरही (हजारीबाग) - करियातपुर क्षेत्र के विकास और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज करियातपुर में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक और स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिला परिषद की भूमि पर स्थित विद्यालय की चारदीवारी (Boundary Wall) से जुड़े विवाद और वहां जिला परिषद द्वारा बनाई जाने वाली दुकानों के निर्माण कार्य को लेकर किया गया।
इस मौके पर हजारीबाग के उपायुक्त (DC) हेमंत सेटी, बरही के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) जोहान टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) जयपाल महतो और अंचल अधिकारी (CO) चंद्रशेखर कुणाल मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रभावित स्थल का जायजा लिया।
जनता और छात्रों के हितों की रक्षा प्राथमिकता:किशुन यादव
मौके पर मौजूद जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव ने अधिकारियों को समस्या की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि करियातपुर की जनता और छात्रों के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और साथ ही स्थानीय विकास कार्य भी सुचारू रूप से चलने चाहिए।
त्वरित समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमंत सेटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपस्थित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित और उचित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों और जनहित के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
रिपोर्टर राहुल राणा

No Previous Comments found.