वट सावित्री का पावन पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया

बरही में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री पर्व, नवनिर्मित चबूतरे पर सुहागिनों ने की पूजा

बरही (हजारीबाग)-बरही में शनिवार को वट सावित्री का पावन पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर वट वृक्ष की विधिविधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए वट वृक्ष की परिक्रमा की और रक्षा सूत्र बांधा। सुबह से ही विभिन्न पूजा स्थलों पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
पूर्व सर्किल इंस्पेक्टर की परिकल्पना को विजय जायसवाल ने किया साकार 
इस वर्ष का विशेष आकर्षण बरही महिला थाना के सामने स्थित वट वृक्ष रहा। पूर्व सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर पाण्डे ने इस स्थल की सफाई कराकर एक सुंदर चबूतरा बनाने की बात कही थी, ताकि स्थानीय नागरिकों को पूजा करने और राहगीरों को बैठने के लिए एक छायादार स्थान मिल सके। उनकी इस सोच को बरही निवासी विजय जायसवाल ने धरातल पर उतारा और चबूतरे का निर्माण कराया, जबकि उदय केशरी ने इसे आकर्षक रंगों से सजाया। इस नवनिर्मित चबूतरे पर पहली बार वट सावित्री की पूजा का भव्य शुभारंभ हुआ।
विभिन्न मंदिरों और परिसरों में गूंजे पारंपरिक लोकगीत 
महिला थाना परिसर के अलावा बरही शिव मंदिर, बरही ब्लॉक परिसर, महावीर मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न वट वृक्षों के नीचे महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने सत्यवान-सावित्री की पौराणिक कथा अत्यंत श्रद्धापूर्वक सुनी। कथा के माध्यम से सावित्री के त्याग और तपस्या को याद किया गया, जिन्होंने यमराज से भी अपने पति सत्यवान के प्राण वापस ले लिए थे।
पूजा स्थलों पर दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पारंपरिक लोकगीत गाए, एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की बधाई दी और बड़ों का आशीर्वाद लिया। पूरे क्षेत्र में इस पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह और अटूट आस्था का नजारा देखने को मिला।

रिपोर्टर राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.