भगहर में चौपारण थाना व उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 से 10 हजार किलो अवैध जावा महुआ विनष्ट

हजारीबाग : अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौपारण थाना एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने भगहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध जावा महुआ को विनष्ट किया।

मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर छुपाकर रखे गए करीब 8 हजार से 10 हजार किलो जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण पर रोक लगाने एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।

अभियान के दौरान पुलिस एवं उत्पाद विभाग की टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम की अचानक कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही कई कारोबारी मौके से फरार हो गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब एवं महुआ कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.