विष्णुगढ़ सीएचसी में रक्तदान शिविर आयोजित, जल्द बनेगा ब्लड स्टोरेज यूनिट
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) विष्णुगढ़ में उपायुक्त एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में प्रखंडवासियों ने भाग लेकर रक्तदान किया।
शिविर के दौरान लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आम लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि विष्णुगढ़ में जल्द ही ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को रक्त के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों की जो भी कमी है, उसे शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। स्वास्थ्य विभाग ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा
No Previous Comments found.