एनवाईएस इंटरनेशनल एकेडमी में सीसीए गतिविधियों की धूम, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
चौपारण : चौपारण स्थित एनवाईएस इंटरनेशनल एकेडमी, बसरिया में शनिवार को सह-पाठ्यक्रम (CCA) गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए कई रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, कल्पनाशक्ति, व्यावहारिक कौशल तथा आत्मविश्वास का विकास करना था।
विद्यालय द्वारा कक्षा के अनुसार अलग-अलग गतिविधियाँ आयोजित की गईं। नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चों के लिए संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें पेंटब्रश एवं रंगीन पेंसिलों के सही एवं रचनात्मक उपयोग की जानकारी दी गई। कक्षा तीन से पाँच तक के विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को साकार किया। वहीं कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने कला एवं शिल्प कार्यशाला में भाग लेते हुए आकर्षक एवं सृजनात्मक कलाकृतियों का निर्माण किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी कलाकृतियों ने यह संदेश दिया कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने, सोचने और व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त आधार है।
विद्यालय की प्राचार्या दीपशिखा मिश्रा ने कहा कि सीसीए गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। चित्रकला, कला एवं शिल्प, वाद-विवाद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में कल्पनाशक्ति, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ भाग लेने का आह्वान किया तथा अभिभावकों से भी बच्चों को ऐसी गतिविधियों के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन प्राचार्या दीपशिखा मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक सुरेश शर्मा, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.