प्रतीक्षा करण और प्रिया करण बनीं समाज व युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा

हजारीबाग : हजारीबाग यूथ विंग की प्रेरणा और प्रोत्साहन से शनिवार को शहर की दो जागरूक नारी शक्तियों प्रतीक्षा करण एवं प्रिया करण ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों के इस प्रेरणादायी कदम ने यह संदेश दिया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।

आज के समय में, जब अधिकांश युवा आभासी दुनिया और तकनीक की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे दौर में इन दोनों नारी शक्तियों ने सेवा और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जो समाज के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि नारी शक्ति केवल सृजन की प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की भी सशक्त पहचान है। रक्तदान के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल तथा संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल उपस्थित रहे। संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों नारी शक्तियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य युवाओं में सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना को जागृत करना है। प्रतीक्षा करण और प्रिया करण ने रक्तदान कर यह साबित किया है कि नारी शक्ति हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि यह केवल रक्तदान नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक सशक्त संदेश है। हजारीबाग यूथ विंग को इन दोनों नारी शक्तियों पर गर्व है। हमें विश्वास है कि इनके इस प्रेरक कदम से अधिक से अधिक युवा और महिलाएं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएंगे। रक्तदान के उपरांत प्रतीक्षा करण और प्रिया करण ने कहा कि रक्तदान कर उन्हें आत्मिक संतोष और गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि यदि हमारे रक्त की कुछ बूंदें किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकें, तो इससे बड़ा सौभाग्य और कोई नहीं हो सकता। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.