बरही पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, रिवॉल्वर व कारतूस बरामद

बरही : हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना में अवैध हथियार एवं गोली की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा एक मोटरसाइकिल (JH02AM-5798) बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाने के उद्देश्य से सक्रिय हैं। सूचना के सत्यापन के लिए बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस ने रसोईयाधमना में छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर सोहेल उर्फ राजा बाबू, पिता युनुस अंसारी, निवासी रसोईयाधमना, थाना बरही, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मुंगेर (बिहार) से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। 

बरामद सामान

एक देसी रिवॉल्वर

दो जिंदा कारतूस

एक मिसफायर कारतूस

एक एंड्रॉयड मोबाइल

एक सफेद रंग की मोटरसाइकिल (JH02AM-5798)

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधाप्रेम किशोर, थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित बरही थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.