रैयती भूमि पर पेवर्स ब्लॉक निर्माण का आरोप

हजारीबाग : विष्णुगढ़ प्रखंड के चेडरा पंचायत स्थित ढंगरटोली में विधायक मद से निर्मित पेवर्स ब्लॉक सड़क को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि सड़क का निर्माण एक रैयती (खतियानी) भूमि पर बिना संबंधित रैयतों की जानकारी और सहमति के करा दिया गया। मामले ने स्थानीय स्तर पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। जानकारी के अनुसार, 24 जून को मांडू विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारा ग्राम चेडरा के बाल विकास विद्यालय से योद्धा महतो के घर तक पेवर्स ब्लॉक पथ निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया था। शिलापट्ट के अनुसार योजना संख्या 03/2025-26 के तहत विधायक मद से 1.99 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस भूमि पर सड़क बनाई गई है, वह खाता संख्या 158 एवं प्लॉट संख्या 1046 की रैयती भूमि है। संबंधित भूमि की जमाबंदी कायम है और नियमित रूप से सरकारी रसीद भी निर्गत होती रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रैयती भूमि पर निर्माण की अनुमति किस आधार पर दी गई, क्या भूमि जांच प्रतिवेदन सही तरीके से तैयार किया गया था और क्या संबंधित रैयतों की लिखित सहमति ली गई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह प्रस्तावित सार्वजनिक मार्ग था तो उससे संबंधित दस्तावेज और रैयतों की सहमति सार्वजनिक की जानी चाहिए। अन्यथा यह मामला विकास कार्यों की आड़ में निजी भूमि पर अतिक्रमण का हो सकता है। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इधर,संयुक्त सनातन गौरक्षा वाहिनी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शंकर यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। शंकर यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या,बलात्कार,रंगदारी,गौ तस्करी और भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कई जिलों में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं है। उनका आरोप है कि कुछ जिलों में पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका नहीं निभा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.